Thursday, 18 June 2015

दयालबाग कालोनी के लोगों के लिए खुशखबरी

संवाददाता, दयालबाग :
वर्षों से सीवर जाम के कारण परेशानी झेल रहे दयालबाग कालोनी के लोगों के लिए खुशखबरी है। नगर निगम ने यहां सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट व सीवरेज निकासी की योजना पर काम शुरू कर दिया है। बुधवार को नगर निगम कार्यकारी अभियंता एसके अग्रवाल, एसडीओ नवल किशाेर और जेई हवासिंह ने यहां का दौरा किया और आरडब्ल्यूएस पदाधिकारियों के साथ सीवरेज निकासी की संभावित योजनाओं पर चर्चा की।
दयालबाग कालोनी में सीवरेज लाइन तो डाली हुई है लेकिन उसकी निकासी की आज तक कोई व्यवस्था नहीं है। कालोनी की आबादी भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में हमेशा सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी रहती है। इस समस्या को लोग करीब 15 साल से झेल रहे हैं। बार बार अधिकारियों को शिकायत देने के बाद भी उनकी समस्या का हल नहीं हुआ। निकासी न होने के कारण सीवर का पानी बैक मारकर लोगों के घरों में भर जाता है। अब हालत यह है कि लोग अपने घरों को छोड़कर दूसरी जगहों पर किराए पर रहने को मजबूर हैं। यहां की आरडब्ल्यूएस भी लगातार इस समस्या को उठाती रही है। पिछले दिनों आरडब्ल्यूएस पदाधिकारियों ने नगर निगम आयुक्त अशोक शर्मा से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी थी। कार्यकारी अभियंता एसके अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र में सीवरेज निकासी के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। नगर निगम ने यहां सीवर का पानी निकासी के लिए फाइल तैयार कर ली है। इसे जल्द मंजूरी मिल जाएगी। प्रहलादपुर नाले के पास सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाकर पानी उसमें डाला जाएगा।
---कार्यकारी अभियंता एसके अग्रवाल ने निरीक्षण के बाद आश्वासन दिया है कि यहां सीवर की समस्या जल्द हल हो जाएगी। उन्होंने बताया कि अगर यहां यह समस्या हल हो जाती है तो हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
- डीएस राणा, प्रधान आरडब्ल्यूएस दयालबाग

No comments:

Post a Comment